आंध्र प्रदेश में एक निजी कृषि उत्पाद कंपनी की डेयरी में अमोनिया गैस के रिसाव होने से 20 कर्मचारी बीमार हो गए है। घटना बांदापल्ली के पुटालापट्टी मंडल की है, जहां गुरुवार देर रात अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। प्रभावित हुए 20 कर्मचारियों में से अधिकतर महिला कर्मचारी है।
पुलिस ने बताया कि तीन पीड़ितों को तिरुपति के रुइया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पांच पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि बाकी मरीजों का इलाज चित्तूर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
चित्तूर के जिलाधिकारी नारायण भारत गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सेंथिल कुमार ने डेयरी का दौरा किया और बचाव अभियान का निरीक्षण किया। गुप्ता के अनुसार गैस रिसाव उस समय हुआ जब वहां वेल्डिंग का कुछ काम चल रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘हमने जांच के आदेश दे दिए हैं और उसके बाद ही हादसे का सही कारण पता चल पाएगा। संभावित मानवीय लापरवाही के दृष्टिकोण से भी जांच की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि बीमार पड़े कर्मचारियों की हालत स्थिर है।