आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को श्री शारदा पीठम में राजा श्यामला देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। रेड्डी मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार यहां आए हैं। यहां पहुंचने के बाद वह सीधे आश्रम रवाना हो गए। रेड्डी ने स्वामी जी को फल, फूल और रेशमी वस्त्र दिया तथा पीठाधिपति स्वरूपानंदेंद्र सरस्वती से आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने स्वामीजी से आश्रम में कुछ देर तक चर्चा भी की। इससे पहले, आश्रम के पुजारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया था। रेड्डी ने आश्रम परिसर में स्थित अन्य मंदिरों में भी पूजा अर्चना की। स्वामी जी के कई वीवीआईपी अनुयायी हैं जिनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी शामिल हैं। बाद में, मुख्यमंत्री रेड्डी विजयवाड़ा के लिए रवाना हो गए।