अमरावती : चुनाव वाले राज्य राजस्थान के बाद अब आंध्र प्रदेश ने पेट्रोल तथा डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) दो रुपये घटाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य विधानसभा में वैट कटौती की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अभी तक पेट्रोल और डीजल पर चार रुपये प्रति लीटर का वैट लगा रही है।
नायडू ने कहा, ”केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर लोगों पर भारी बोझ डाल रही है। पेट्रोल व डीजल को ऐसे समय महंगा किया जा रहा है जबकि सरकार की विभिन्न अन्य शुल्कों तथा लाभांश से आमदनी बढ़ रही है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने घाटे वाले बजट के बावजूद कर का बोझ कम करने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि इससे राज्य के खजाने पर 1,120 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। विपक्ष के भारत बंद से एक दिन पहले राजस्थान ने रविवार को पेट्रोल और डीजल पर वैट घटाने की घोषणा की है। राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री ने वैट में चार प्रतिशत कटौती की घोषणा की है। इससे पेट्रोल, डीजल के दाम ढाई रुपये प्रति लीटर घटेंगे।


Download Android App
Download iOS App



