मध्यप्रदेश के हालिया विधानसभा चुनावों में शिवराज सिंह चौहान को उनकी परंपरागत बुधनी सीट पर चुनौती दे चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने ‘टाइगर अभी जिंदा है’ वाले बहुचर्चित बयान पर बृहस्पतिवार को तंज कसा। यादव ने कहा, ‘टाइगर (शिवराज) बूढ़ा हो गया है। टाइगर को हम संरक्षण देंगे।’ उन्होंने कहा, ‘अब तो टाइगर के नाखून और दांत भी नहीं बचे हैं। लिहाजा टाइगर को हम सर्कस में काम जरूर दे सकते हैं।’
बता दें कि अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष हैं। उन्हें कांग्रेस ने बुधनी विधानसभा सीट से शिवराज के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा था। हालांकि, शिवराज ने अरुण यादव को 58,999 मतों से हराकर अपनी परंपरागत सीट बचा ली थी, सूबे में भाजपा की 15 साल पुरानी सत्ता जाती रही थी।
अपनी पार्टी की चुनावी पराजय के बाद शिवराज ने एक सभा में अपने समर्थकों को ढांढ़स बंधाते हुए कहा था, ‘कोई भी यह चिंता मत करना कि अब हमारा क्या होगा। मैं हूं ना… शिवराज सिंह चौहान। टाइगर अभी जिंदा है।’


Download Android App
Download iOS App




