असम और मिजोरम के बीच लगातार बढ़ते सीमा विवाद के चलते दोनों ही राज्यों में चिंताजनक स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस बीच असम के एक व्यक्ति की मिजोरम पुलिस की हिरासत में मौत होने से दोनों राज्यों में तनाव और ज्यादा बढ़ गया है। हाल ही में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस मामले पर देश के गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।
दरअसल, मिजोरम के कोलासिब जिले के पुलिस अधीक्षक वनलालफाका रालते ने कहा कि मादक पदार्थों के कुख्यात तस्कर इंताजुल लस्कर (45) को रविवार शाम को गिरफ्तार किया गया जब वह अंतरराज्यीय सीमा को पार करके नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने आया था। बाद में उसकी अस्पताल में मौत हो गई। बहरहाल, असम पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वह एक जंगली क्षेत्र से लापता हो गया है जहां वह लकड़ियां इकट्ठी करने गया था और धोलाई थाने में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आज सुबह हमें मिजोरम के कोलासिब जिले की पुलिस से पुष्टि हुई कि वह उनकी हिरासत में है। और दोपहर तक हमें बताया गया कि उसकी मौत हो गई।’’रालते ने दावा किया कि वह व्यक्ति इंताजुल वैरेंगटे में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने गया था जब उसे यंग मिजो एसोसिएशन के स्वयंसेवकों ने पकड़ लिया और राज्य उत्पाद एवं नार्कोटिक्स विभाग को सौंप दिया।
अधिकारी ने कहा कि स्वयंसेवकों की पकड़ से भागने के प्रयास में उसके टखने में मामूली चोट आई थी। रालते ने कहा कि उसे वैरेंगटे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया क्योंकि अधिकारियों ने पाया कि वह काफी कमजोर है।मिजोरम के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को 10 बजकर 20 मिनट पर उसकी मौत हो गई। असम पुलिस के अधिकारी ने घटना को लेकर मिजोरम पर ऊंगली उठाई और आरोप लगाया कि यह ‘‘हिरासत में मौत का स्पष्ट मामला है।’’
कछार के पुलिस अधीक्षक भंवर लाल मीणा ने रालते को पत्र लिखकर मामले की जांच का आग्रह किया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों द्वारा 17 अक्टूबर को 18 अस्थायी झोपड़ियों और 3 अर्द्ध शहरी आवासीय इकाइयों को कथित तौर पर तोड़ने के बाद से तनाव है जिसके बाद असम, मिजोरम और केंद्र सरकार के अधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है।
दूसरी ओर इस मामले पर असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मिजोरम के साथ तनाव के मुद्दे पर पत्र लिखा। आधिकारिक बयान में कहा गया कि सोनोवाल ने इंताजुल लस्कर की मौत पर दुख व्यक्त किया है जिसका असम-मिजोरम सीमा पर कछार जिले के लैलापुर सीमा चौकी क्षेत्र से ‘‘शरारती तत्वों ने अपहरण’’ कर लिया था।
इसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है। बयान में कहा गया है, ‘‘असम-मिजोरम सीमा पर सिलसिलेवार विवाद के बाद मुख्यमंत्री सोनोवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित अमित शाह को घटनाओं का ब्योरा भेजा।’’