बसवराज सोमप्पा बोम्मई को मंगलवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया, जो बी.एस. येदियुरप्पा की जगह लेंगे। बसवराज बोम्मई ने कहा कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और वह 28 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बोम्मई ने कहा, ”मैंने राज्यपाल को विधायक दल के नेता के रूप में अपने चुनाव के बारे में सूचित कर दिया है। उन्होंने मुझे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। हमने चर्चा की है और फैसला किया है कि मैं
बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे शपथ लूंगा।”राज्यपाल कार्यालय के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के ग्लास हाउस में होगा। बोम्मई (61) ने यह भी कहा कि वह बुधवार को अकेले शपथ लेंगे।सूत्रों के मुताबिक बोम्मई के साथ तीन उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। कर्नाटक में गोविंद कारजोल, आर अशोक और श्रीरामलु उप मुख्यमंत्री बनेंगे।
भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने के तुरंत बाद बोम्मई कार्यवाहक मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के साथ सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन गए। येदियुरप्पा ने सोमवार को अपनी सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्यपाल ने येदियुरप्पा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और उनकी अध्यक्षता वाली मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था, लेकिन उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करना जारी रखने के लिए कहा गया था।


Download Android App
Download iOS App



