‘बिग बॉस’ फैंस के लिए एक बुरी खबर है। बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट स्वामी ओम का 63 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वो कुछ महीनों से काफी बीमार थे और 15 दिन पहले उनका आधा शरीर पैरालाइज्ड भी हो गया था। जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। वहीं करीब तीन महीने पहले उन्हें कोरोना हुआ था।
इसी की वजह से उन्हें एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वहीं उनका इलाज चल रहा था। हालांकि कोरोना की जंग से वह जीत चुके थे, लेकिन कमज़ोरी की वजह से उन्हें चलने फिरने में दिक्कत हो रही थी। इसकी वजह से उनके शरीर ने काम करना बंद कर दिया था।
स्वामी ओम के दोस्त मुकेश जैन के बेटे अर्जुन जैन ने जानकारी देते हुए उनके निधन की खबर के बारे में बताया। अर्जुन जैन ने बताया कि स्वामी ओम ने अपने निवास एनसीआर के लोनी स्थित डीएलएफ अंकुर विहार में आज सुबह अंतिम सांस ली है। उनका अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट, दिल्ली में किया जाएगा।
स्वामी ओम की जिंदगी अक्सर विवादों में रही। उन्होंने ‘बिग बॉस’ के घर में कई ऐसी बातें कही थी, जिसके बाद वो विवादों में घिर गए थे। यहां तक कि स्वामी ओम ने लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा भी कर दी थी। इस दौरान भी वह काफी चर्चा में थे। वहीं ‘बिग बॉस’ के घर में उनका लगभग सभी कंटेस्टेंट के साथ तगड़ा विवाद देखने को मिला था।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 अगस्त, 2017 को स्वामी ओर को निजता जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर उनपर दस लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया था। दरअसल उन्होंने अपनी याचिका में कहा था कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जजों की नियुक्ति के लिए सीजीआई से सिफारिश क्यों ली जाती है? कोर्ट ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया था लेकिन स्वामी ओम ने इस पर जवाब दिया था कि वो बिग बॉस के जरिए पहले ही बहुत पब्लिसिटी पा चुके हैं।
इस मामले में बीते साल कोर्ट ने उन्हें जुर्माने के 10 लाख की जगह 8 हफ्ते में 5 लाख रुपए जमा करवाने को कहा था। बात दें कि स्वामी ओम उस वक्त भी चर्चा में आए थे जब एक लाइव शो पर लोगों ने उन्हें एक महिला के साथ हाथापाई करते हुए देखा था।