बिहार के शेखपुरा से अगवा किए गए बैंक प्रबंधक जयवर्धन का शव बुधवार को झारखंड के बरही तिलैया डैम से बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने अबतक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि नालंदा के दामनखंधा गांव के रहने वाले बैंक प्रबंधक जयवर्धन का 27 सितंबर को उस समय अपहरण कर लिया गया, जब वे अपने कार्यालय शेखपुरा जिले के मध्य बिहार ग्रामीण बैंक, कसार शाखा से एक मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।
नालंदा के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिक ने बुधवार को बताया कि अगवा बैंक प्रबंधक का शव झारखंड में कोडरमा के तिलैया डैम के पास से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अबतक नवादा के रहने वाले अजय कुमार, नालंदा के रहने वाले मिठु कुमार, कृष्णा कुमार और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त होने वाली कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर को अगवा बैंक प्रबंधक के चाचा रोहित वर्मा ने नालंदा के राजगीर थाने में अपहरण की एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष जांच दल का गठन किया।


Download Android App
Download iOS App



