भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा, यदि वह गो मांस खाना उचित मानते हैं, तो उन्हें अपना नाम बदलकर दिग्विजय खान रख लेना चाहिए। विजयवर्गीय ने यह बात गोमांस के बारे में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के कथित विचारों को लेकर सिंह के विवादित बयान पर कही। उन्होंने इंदौर में रविवार रात संवाददाताओं से कहा, सिंह कुछ भी कह सकते हैं क्योंकि वह अब राजनीति से सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
दिग्विजय ने शनिवार को दिया था विवादित बयान
महासचिव विजयवर्गीय ने कहा, यदि सिंह गोमांस खाना उचित मानते हैं, तो उन्हें अपना नाम बदलकर दिग्विजय खान रख लेना चाहिए। सिंह ने शनिवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान में कहा था, स्वयं सावरकर ने अपनी किताब में कहा है कि हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई संबंध नहीं है। खुद सावरकर ने यह भी कहा है कि गोमांस खाने में कुछ भी खराबी नहीं है।