भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने तोक्यो ओलंपिक में भाग ले रहे भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में कोलकाता के मैदान इलाके में एक दौड़ में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं की रविवार सुबह अगुवायी की।
कोविड-19 संबंधी पाबंदियों का हवाला देते हुए कोलकाता पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। यह कार्यक्रम पार्टी की युवा इकाई ‘बीजेवाईएम’ ने आयोजित किया। मंजूरी न मिलने के बावजूद घोष ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खान तथा राष्ट्रीय सचिव राजू बिस्ता समेत करीब 100 बीजेवाईएम कार्यकर्ताओं का मैदान में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा तक कुछ सैकड़ों मीटर तक अगुवायी की।
मैदान में भाजपा सदस्य की दौड़ के कारण पुलिस ने दूर से ही निगरानी रखी। घोष ने कहा, ‘‘हम तोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल का मनोबल बढ़ाने के लिए यहां हैं। इस मैराथन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
सब चीजों से ऊपर उठकर हम सभी भारतीय हैं। हम खुश हैं कि पुलिस ने भी यह समझा। पुलिस ने सहयोग दिया। किसी भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं किया गया।’’ कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।