अनिल देशमुख गिरफ्तार, अब अन्य की बारी….! BJP नेता किरीट सोमैया का ट्वीट

Summary :

मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने ट्वीट करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस ओर शिवसेना पर हमला किया है।

महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में है। मामले को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने ट्वीट करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस और शिवसेना पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि अनिल देशमुख गिरफ्तार हो चुके हैं। अब दूसरे नेताओं की बारी है।
किरीट सोमैया ने शुक्रवार को किए ट्वीट में लिखा, अनिल देशमुख गिरफ्तार, अब अन्य लाभार्थियों की बारी।  बेटा, दामाद, साझेदार…और अनिल पारब समेत शिवसेना और एनसीपी के नेताओं तक वसूली फंड पहुंचता था।


मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने पूर्व गृहमंत्री देशमुख की गिरफ़्तारी के बाद उनके बेटे ऋषिकेश देशमुख को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ईडी ने ऋषिकेश देशमुख को कल यानी शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। अनिल देशमुख को गुरुवार को मुंबई में जेजे अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया। देशमुख के स्वास्थ्य संबंधी सभी मानदंड स्थिर हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा भ्रष्टाचार और आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने के मामले में 21 अप्रैल को अनिल देशमुख के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद ईडी ने पूर्व मंत्री और उनके साथियों के खिलाफ जांच शुरू की थी।

परमबीर सिंह बोले-देशमुख के खिलाफ आरोपों पर साझा करने के लिए कोई और साक्ष्य नहीं

ईडी के अनुसार, राज्य के गृह मंत्री के रूप में सेवाएं देते हुए, देशमुख ने अपने पद का कथित तौर पर दुरुपयोग किया और बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे के जरिए मुंबई में विभिन्न ‘बार’ और रेस्तरां से 4.70 करोड़ रुपये वसूले थे। देशमुख के परिवार द्वारा नियंत्रित नागपुर स्थित एक शैक्षणिक न्यास, ‘श्री साईं शिक्षण संस्थान’ में इस पैसे का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया। 
देशमुख ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लगातार खारिज करते हुए कहा कि एजेंसी का पूरा मामला एक दागी पुलिस वाले (वाजे) के दुर्भावनापूर्ण दिए बयानों पर आधारित है।

Desk Team