BJP की रथयात्रा का ममता ने उड़ाया मज़ाक, कहा-धर्म के आधार पर विभाजन पैदा करना है एजेंडा

Summary :

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी रथयात्रा का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि वे ऐसा व्यवहार कर रहे हैं कि ‘‘जैसे वे भगवान हों।’’ इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर धर्म के आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल की जमीन पर खुद को मजबूत करने में लगी बीजेपी लगातार राज्य में रथयात्राएं कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रथयात्रा का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि वे ऐसा व्यवहार कर रहे हैं कि ‘‘जैसे वे भगवान हों।’’ इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर धर्म के आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने रायगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”रथयात्रा एक धार्मिक उत्सव है। हम सभी इसमें हिस्सा लेते हैं। हम जानते हैं कि भगवान जगन्नाथ, बलराम और भगवती सुभद्रा उन रथों में यात्रा करते हैं। लेकिन भाजपा नेता समाज में विभाजन पैदा करने और एक-दूसरे को लड़वाने के अपने राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए रथयात्राएं कर रहे हैं। बीजेपी नेता ऐसे रथयात्राएं कर रहे हैं जैसे वे भगवान हों।” 

अमित शाह कल बंगाल में भाजपा के चौथे चरण की ‘परिवर्तन यात्रा’ करेंगे शुरू, रैली को भी करेंगे संबोधित

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राज्य के बाहर से लोगों को लाने का आरोप दोहराते हुए दावा किया कि भगवा दल के नेता केवल फोटो खिंचवाने के लिए स्थानीय लोगों के घरों में खाना खा रहे हैं। उन्होंने पांच सितारा होटलों से खाना लाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा, ”कुछ बाहरी लोग आलीशान गाड़ियों में आ रहे हैं और फोटो खिंचवाने के लिए गांववालों के घरों में भोजन करने में लग जाते हैं।” बनर्जी ने कहा, ”बंगाल पर राज्य के लोगों का शासन रहेगा। गुजरात से आ रहे लोगों का नहीं।” 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को कूचबिहार से बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ के चौथे चरण की शुरुआत करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शाह ठाकुरबाड़ी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को केंद्रीय गृह मंत्री कोलकाता में पार्टी के सोशल मीडिया स्वयंसेवकों की बैठक को संबोधित करेंगे। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधनसभा सीटों तक पहुंचने के लिए पांच चरणों में ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालने की योजना बनाई है।  

Desk Team