महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत साबित करने संबंधी SC का फैसला पार्टी के लिए झटका नहीं : BJP

Summary :

नलिन कोहली ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बोम्मई मामले के अपने पूर्व फैसले को ही बरकरार रखा है जिसमें कोर्ट ने कहा था कि बहुमत साबित करने एकमात्र स्थान सदन है।

बीजेपी ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस नीत महाराष्ट्र सरकार को विधानसभा में बुधवार को बहुमत साबित करने के बारे में मंगलवार को सुनाया गया सुप्रीम कोर्ट का फैसला पार्टी के लिए झटका नहीं है और इससे सदन में सभी दलों की स्थिति को स्पष्ट हो जाएगी। बीजेपी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने कोर्ट का फैसला पार्टी के लिए झटका साबित होने की बात को खारिज करते हुए मंगलार को कहा, ‘‘संविधान के मामले में कोई भी न्यायिक फैसला किसी राजनीतिक दल के लिए झटका नहीं हो सकता है। 
न्यायिक आदेश संविधान को मजबूत बनाते हैं।’’ संविधान दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा संसद के केन्द्रीय कक्ष में आयोजित दोनों सदनों की संयुक्त बैठक का विपक्ष द्वारा बहिष्कार किए जाने के बारे में कोहली ने कहा, ‘‘क्या यह विडंबना नहीं है कि एक तरफ राजनीतिक दल संविधान के मूल्यों की बात करते हैं और दूसरी तरफ संविधान दिवस के अवसर पर संसद का बहिष्कार करते हैं।’’ 

महाराष्ट्र मामलें पर SC के फैसले से शिवसेना, कांग्रेस, राकांपा संतुष्ट : पृथ्वीराज चव्हाण

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बोम्मई मामले के अपने पूर्व फैसले को ही बरकरार रखा है जिसमें कोर्ट ने कहा था कि बहुमत साबित करने एकमात्र स्थान सदन है। कोहिली ने कहा कि सदन में बहुमत का परीक्षण होने के बाद सभी दलों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। 
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को महाराष्ट्र में देवेन्द्र फडणवीस को मुख्यमंत्री और अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाते हुए नवगठित सरकार को 30 नवंबर को विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा था। कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने इसका विरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को बुधवार शाम पांच बजे तक बहुमत साबित करने को कहा है। 

Desk Team