भाजपा ने कुछ ऑडियो टेप का जिक्र करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार से ‘‘संरक्षण’’ प्राप्त कुछ लोग राज्य में ‘‘वसूली गिरोह’’ चला रहे हैं।
भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो (आडियो टेप) सामने आया है, वह इतना गंदा है कि हम बस यही कहेंगे कि ममता बनर्जी और उनके रिश्तेदारों ने पश्चिम बंगाल के लोगों को शर्मिंदा किया है। लोगों को धोखा देने के लिए बनर्जी को माफी मांगनी चाहिए।’’
भाटिया मीडिया के एक धड़े में प्रसारित तीन ऑडियो टेप का हवाला दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की बात इस टेप में दर्ज है, वे ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत राज्य सरकार के करीबी समझे जाते हैं।
पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की है।
भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह की जबरन वसूली करने वाले लोग हैं कि ऐसी एक बैठक में वसूली करने वाला एक व्यक्ति जो अभिषेक बनर्जी का करीबी है, आयुक्त के साथ बैठा था और निवेश करने वालों या वैध गतिविधियों के लिए विभिन्न लोगों से अवैध राशि की मांग कर रहा था।’’
उन्होंने कहा कि इन ऑडियो टेप की विषय वस्तु से पता चलता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में सरेआम संगठित तरीके से ‘‘वसूली गिरोह’’ चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



