तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के ‘‘कुशासन’’ के खिलाफ रैली निकाल राज्य सचिवालय की शाखा ‘उत्तरकन्या’ की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की सिलीगुड़ी में 2 स्थानों पर पुलिस के साथ भिड़ंत हुई। बता दें कि सिलीगुड़ी में बीजेपी ने आज अपने कार्यकर्ता की मौत के बाद उत्तर बंगाल में 12 घंटे बंद बुलाया है।
BJP का बंगाल पुलिस पर आरोप
भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि उल्लेन राय नाम के पार्टी कार्यकर्ता को पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज के दौरान “पीट-पीट कर मार डाला।’’ बहरहाल, पुलिस ने दावा किया कि कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ और प्रदर्शनकारी की मौत के कारण का पता लगाया जा रहा है। बीजेपी ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की है और “कानून और व्यवस्था के” चरमरा जाने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
बंगाल पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
बीजेपी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इलाके में लगाए गए बांस के बैरिकैड को आग के हवाले कर दिया। फुलबारी बाजार में एक रैली का नेतृत्व करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ‘‘भाजपा के उभार’’ से डरकर सरकार दमनकारी नीति अपना रही है ।
घोष ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन ने लोकतांत्रिक प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरे सिलीगुड़ी में कई स्थानों पर बैरिकैड लगा दिए। 3 बत्ती मोड़ के पास दूसरी रैली का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने किया और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दो जगह पुलिस की घेराबंदी को तोड़ दिया, हालांकि वे तीसरी घेराबंदी को तोड़ आगे नहीं बढ़ पाए। यहां से उत्तरकन्या केवल एक किलोमीटर की दूरी पर है।
BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का आरोप
जानकारी के मुताबिक विजयवर्गीय के बीमार पड़ने पर उन्हें और सूर्या को उनके सुरक्षा गार्ड गाड़ी में बैठा ले गए। दिलीप घोष ने बाद में दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई में जख्मी हुआ था और एक स्थानीय अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा, ” हमारे एक कार्यकर्ता उल्लेन राय को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, उनकी एक अस्पताल में मौत हो गई। बीजेपी के कई अन्य कार्यकर्ता जख्मी हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।”
दिलीप घोष के आरोप पर पश्चिम बंगाल पुलिस
पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ” एक राजनीतिक पार्टी के समर्थकों ने अपने प्रदर्शन के दौरान हिंसा का गंभीर कृत्य किया। उन्होंने आगजनी की, पथराव किया, गोलीबारी की और सरकारी संपत्ति की तोड़फोड़ की।” एक अन्य ट्वीट में पुलिस ने कहा, ” पुलिस ने संयम बरता और लाठीचार्ज नहीं किया या गोली नहीं चलाई। हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सिर्फ पानी की बौछारों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। बहरहाल, एक व्यक्ति की मौत रिपोर्ट की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल पाएगा।”




Download Android App
Download iOS App



