मसूरी : भाजपा युवा मोर्चा संगठन के सदस्यता अभियान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधायक गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जो संगठन के दम पर देश में ही नहीं विश्व में भारत को अग्रणी बनाने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड से पांच लाख सदस्य बनाये जाने का लक्ष्य है।
कुलड़ी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक गणेश जोशी, विशिष्ठ अतिथि, युवा मोर्चा सदस्यता अभियान की राष्ट्रीय सह प्रभारी नेहा जोशी, युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव नरेंद्र ठाकुर, सहित अन्य अतिथियों को पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप व रणसिंघे की गर्जना के बीच स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि विधायक गणेश जोशी ने कहा कि युवा देश की शक्ति होती है। इसलिए भाजपा युवा मोर्चा की सदस्यता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि वे भाजपा के सदस्य बनकर भाजपा को मजबूत करने के साथ ही देश को मजबूत करने में सहयोग करें।
इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा की विशिष्ट अतिथि नेहा जोशी ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बन गया है। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसमें साधारण कार्यकर्ता अपने कार्य से देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और आज भाजपा अपनी नीतियों व संस्कारों के साथ विश्व पटल पर छा गई है।
कार्यक्रम को प्रदेश महासचिव नरेद्र ठाकुर, जिला अध्यक्ष विपुल मेंदोला, प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, सदस्यता प्रमुख युवा मोर्चा अंशुल चावला आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मोहन पेटवाल,कुशल राणा, मुकेश धनाई, धर्मपाल पंवार, संजीत पंवार, मुकेश खरोला सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे।