रुद्रपुर : इलाहाबाद से घर के निकले बीटेक के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीते रोज वह बेहोशी की हालत में पुलभट्टा पुलिस को पड़ा मिला था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेडीसिटी में भर्ती कराया था। जहां आज उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से परजिनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, जानकारी पाकर शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय, विधायक राज कुमार ठुकराल गमगीन परिवार को ढांढस बंधाने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
टा कालोनी पंतनगर निवासी और डेयरी फार्म के संयुक्त निदेशक डा. बृजेश सिंह का पुत्र अभिषेक सिंह (21) बीटेक का छात्र था। वह इलाहाबाद के नैनी से बीटेक कर रहा था। शुक्रवार रात वह इलाहाबाद से पंतनगर के लिए रवाना हुआ, लेकिन घर नही पहुंचा। बताया जाात है कि बीते रोज बरेली पहुंचने के बाद अभिषेक ने घर पहुंचने के लिए मैक्स गाड़ी में बैठा था। पुलभट्टा पहुंचते-पहुंचते उसकी हालत बिगड़ने लगी। पुलिस की मानें तो उल्टी जैसी शिकायत पर वह मैक्स वाहन से उतर गया। जिसके बाद वह बेहोश हो गया।
पुलिस ने उसे एम्बुलेंस 108 से अस्पताल पहुंचाया। अभिषेक के पास मिले कार्ड से उसके पिता का नंबर मिला और खबर परिजनों तक पहुंचाई गई। अभिषेक को रुद्रपुर के निजी अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक का शरीर नीला पड़ा है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी। अभिषेक के पास से उसका लैपटॉप और मोबाइल मिला, जिससे जहरखुरानी का शिकार होने की गुंजाइश पुलिस को कम लग रही है। फिलहाल, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी।