CBI ने DHFL के प्रमोटर कपिल और धीरज वधावन को हिरासत में लिया

Summary :

कपिल और धीरज वधावन दोनों ही मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत वित्तीय अनियमितताओं के आरोपी हैं और 21 फरवरी से जमानत पर बाहर थे।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने डीएचएफएल के प्रमोटर्स कपिल और धीरज वधावन को हिरासत में ले लिया है। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में सतारा पुलिस ने सीबीआई को पूरा सहयोग दिया। 
अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘सीबीआई की एक टीम ने कपिल और धीरज वाधवान दोनों को हिरासत में ले लिया है। सतारा पुलिस ने उन्हें जरूरी सहायता पहुंचाई और लिखित अनुरोध पर उन्हें मुम्बई तक के लिए 1+3 गार्ड का एस्कार्ट वाहन भी उपलब्ध कराया। गिरफ्तारी की प्रक्रिया चल रही है और कानून सभी के लिए बराबर है।’’ 


सतारा में इन दोनों आरोंपियों की पृथक-वास अवधि पूरी हो जाने के बाद देशमुख ने सीबीआई से उन्हें हिरासत में लेने का अनुरोध किया था। बता दें कि कपिल और धीरज वधावन दोनों ही मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत वित्तीय अनियमितताओं के आरोपी हैं और 21 फरवरी से जमानत पर बाहर थे। इस माह के प्रारंभ में जब वे लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए मुम्बई से महाबलेश्वर जा रहे थे, तब उन्हें पकड़ लिया गया था।

Desk Team