हरिद्वार : हरिद्वार में मकर संक्रांति का पर्व की धूम है। गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई और दान किया। हरिद्वार सहित आसपास के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने घाटों पर स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
तड़के तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम था, लेकिन हरकी पैड़ी हर-हर गंगे के घोष से गुंजायमान हो गई। श्रद्धालुओं ने हर की पैड़ी पर भगवान सूर्य नारायण को अघ्र्य देकर सुख समृद्धि की कामना की। हरकी पैड़ी के साथ ही अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं का सैलाब दिखा। कुशावर्त घाट पर यज्ञोपवीत संस्कार कराए गए।
स्नान के साथ ही पितरों के निमित्त कर्मकांड और दान भी किया गया। स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूड़ी ने बताया कि स्नान पर्व को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। इसके अलावा अन्य गंगा घाटों पर भी दर्जनों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई।
हरकी पैड़ी पर उमड़ा आस्था का रेला
– संजय चौहान