छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में राज्य के एसटीएफ (विशेष कार्य बल) का एक जवान घायल हो गया है। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई है। उन्होंने बताया कि, राज्य की राजधानी रायपुर से 200 किलोमीटर दूर स्थित मैनपुर थाना क्षेत्र के देवडोंगर वन क्षेत्र में एसटीएफ के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे, उसी दौरान तड़के मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने कहा कि, ओडिशा की सीमा से लगते इलाके में नक्सलियों की आवाजाही को लेकर विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की दो टीम ने शनिवार रात वहां अभियान शुरू किया था।
जवान के पेट में लगी गोली
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, जब गश्त पर गई टीम में से एक पहाड़ी से आगे बढ़ रही थी तभी हथियारबंद नक्सलियों के एक समूह ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके कारण मुठभेड़ शुरू हुई। अधिकारी ने बताया कि, कुछ देर की गोलीबारी के बाद विद्रोही ओडिशा की ओर घने जंगल में भाग गए। उन्होंने बताया, इस मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ जवान युवराज सागर के पेट में गोली लगी गई।
इलाके में जारी है तलाशी अभियान
अधिकारियों ने मुठभेड़ में घायल जवान की जानकारी देते हुए बताया कि, सागर को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक टीम को मौके पर भेजा गया और ओडिशा पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि, इलाके में तलाशी अभियान जारी है।