छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के एक गांव में नक्सलियों ने एक व्यक्ति को पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में हत्या कर दी है। नक्सलियों ने जिस व्यक्ति की हत्या की है वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि, नक्सलियों के एक समूह ने बासगुडा पुलिस थानांतर्गत तिम्मापुर गांव के हेमंत बंडी को घर से बाहर निकाल कर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। यह स्थान राज्य की राजधानी रायपुर से 400 किलोमीटर दूर है।
नक्सलियों को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा है अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह सुरक्षाकर्मियों का एक दल मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बासगुडा भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि, नक्सलियों का दावा है कि बंडी ने 2018 में मुठभेड़ से पहले उनकी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दी थी। उन्होंने बताया कि बंडी कई वर्षों से मानसिक रूप से बीमार था और ज्यादातर समय घर पर ही रहता था। उन्होंने पीड़ित का पुलिस के साथ किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया। नक्सलियों को पकड़ने के लिए पुलिस अभियान चला रही है।