भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजग सरकार ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है और सीमावर्ती सड़कों के निर्माण पर ध्यान देने से चीन घबराया हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के छह कार्यालयों की आधारशिला दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम से रखते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने पिछले छह वर्षों में लद्दाख के गलवान घाटी से लेकर अरूणाचल प्रदेश तक चार लेन वाला 4700 किलोमीटर लंबा सदाबहार मार्ग बनाया है।
नड्डा ने कहा कि इसी तरह से सीमा पर 14.7 किलोमीटर लंबा दो लेन वाला पुल भी बनाया गया है जहां से बड़े टैंक गुजर सकते हैं। यह सशक्त भारत है और चीन घबराया हुआ है। भाजपा प्रमुख ने कहा कि पहले छोटे पुल थे और जब सेना के ट्रक गुजरते थे तो यातायात रोकना पड़ता था।
सामरिक रूप से महत्वपूर्ण रोहतांग के अटल सुरंग का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि वह उद्घाटन के दौरान हिमाचल प्रदेश आना चाहते थे लेकिन नहीं आ सके क्योंकि बिहार चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही थी। अटल सुरंग के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह देश की सुरक्षा के लिए भी फायदेमंद है।


Download Android App
Download iOS App



