सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शरद अरविंद बोबडे शनिवार को दिल्ली से मध्यप्रदेश के जबलपुर पहुंचे। न्यायाधीश शनिवार शाम को प्रसिद्ध ग्वारीघाट में होने वाली नर्मदा महाआरती में भी शामिल हुए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्य न्यायाधीश बोबडे कल दोपहर में विमान से यहां पहुंचे थे।
डुमना विमानतल पर मुख्य न्यायाधीश बोबडे की अगवानी राज्य उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय यादव और अन्य न्यायाधीशों ने की। इस अवसर पर जिला और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश बोबडे ने कुछ समय सर्किट हाउस में बिताया और शाम को नर्मदा नदी के तट पर ग्वारीघाट में नियमित तौर पर होने वाली नर्मदा महाआरती में हिस्सा लिया।
मुख्य न्यायाधीश ने रात्रि विश्राम यहीं पर किया। मुख्य न्यायाधीश बोबडे आज मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान कान्हा जाएंगे और रात्रिविश्राम भी वहीं पर करेंगे। इसके बाद वे सोमवार को नागपुर होते हुए वापस दिल्ली लौट जाएंगे।