असम-मिजोरम सीमा विवाद ने कल यानि सोमवार को उस समय खूनी मोड़ ले लिया, जब मिजोरम पुलिस और असम पुलिस के बीच हुई गोलीबारी में असम पुलिस के 5 जवान शहीद हो गये और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम-मिज़ोरम सीमा संघर्ष में घायल हुए पुलिसकर्मियों से सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में मुलाकात की।
उन्होंने घायल पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा किया तथा डॉक्टरों को उनका अच्छे से इलाज करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल कर्मियों का उच्च स्तरीय इलाज करने के लिए एयर एंबुलेंस से भेजने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने सीमा संघर्ष में अपनी जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक बढ़ने के दौरान हुई हिंसक झड़प में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। दोनों पक्षों ने हिंसा के लिए एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और केंद्र के दखल की मांग की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की और उनसे विवादित सीमा पर शांति बहाल करने कहा है।