कृषि प्रधान देश भारत में हर साल 23 दिसंबर को राष्ट्रीय किसान दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय किसान दिवस पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा माने जाने वाले नेता चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर मनाया जाता है. किसानों के सर्वमान्य नेता चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हुआ था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में और केंद्र में वित्तमंत्री के रूप में उन्होंने गांवों और किसानों को प्राथमिकता देते हुए बजट बनाया था। इस कड़ी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रीय किसान दिवस पर किसानों को शुभकामनाएं दीं।
बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘आज हम हर उस किसान के बलिदान को याद करते हैं जिसने अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी, हम उनके जज्बे का सम्मान करते हैं तथा उनके साहस को सलाम करते हैं। किसान दिवस पर हम संकल्प लें कि किसी को भी भारत के मेरूदंड का अपमान नहीं करने देंगे। जय किसान।’’ पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन 23 दिसंबर को किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अधिकारी ने भी ट्विटर पर लिखा, ‘‘ अन्नदाता हमारी थाली में भोजन प्रदान करने के लिए अपना दिल एवं आत्मा लगा देते हैं। उनके साथ खड़ा रहना तथा उन्हें परेशान कर रहे किसी भी समस्या को दूर करने में मदद करना हमारा दायित्व है। ’’