देश के अन्य राज्यों की ही तरह मध्य प्रदेश में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। महामारी के खतरे के चलते प्रदेश के कई इलाके और शहरों में वीकेंड लॉकडाउन जारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ण लॉकडाउन की संभावनाओं को ख़ारिज किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने रविवार को कहा, कोरोना से लड़ाई जनता के सहयोग के बिना नहीं लड़ी जा सकती। प्रदेश में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। पूरी ताकत से टीका उत्सव का कार्यक्रम मना रहे हैं। पूरे प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा, 4000 रेमेडिसविर इंजेक्शन पहले से ही उपलब्ध हैं और 5,000 इंजेक्शन आज आ जाएंगे।
मध्य प्रदेश के सभी शहरी इलाकों में वीकेंड लॉकडाउन जारी, एहतियात के साथ खुलीं दुकानें
मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 4,986 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,32,206 हो गयी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि राज्य में इस महीने के अंत तक उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंच सकती है।
मध्य प्रदेश में कुल मरीजों में 67 प्रतिशत मरीजों को घर में पृथक-वास में रखा गया है जबकि शेष मरीजों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में से 18 प्रतिशत आक्सीजन पर और आठ प्रतिशत वेंटिलेटर पर हैं।