कोरोना को लेकर CM शिवराज आज गांधी प्रतिमा के सामने 24 घंटे के लिये स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे

Summary :

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार दोपहर से यहां गांधी प्रतिमा के पास 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे।

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार दोपहर से यहां गांधी प्रतिमा के पास 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने भोपाल के उपनगर संत हिरदाराम नगर में कोरोना जागरूकता रैली के समापन अवसर पर यह घोषणा की। प्रदेश के जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री 6 अप्रैल मंगलवार को दोपहर 12.30 बजे से शहर के मिंटो हॉल में गांधी प्रतिमा के पास 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे। 
इस दौरान वे कोरोना के संबंध में चिकित्सा विशेषज्ञों, धर्मगुरुओं, जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कैबिनेट के साथियों, मीडिया आदि के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री इसी स्थल पर कोरोना संबंधी बैठक भी करेंगे। अधिकारी ने बताया कि 24 घंटे के स्वास्थ्य आग्रह के दौरान मिंटो हॉल में गांधी की प्रतिमा के पास ही खुले आसमान के नीचे मुख्यमंत्री कार्यालय संचालित होगा। इस दौरान पूरे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए वहाँ अस्थाई एन.आई.सी कक्ष भी बनाया जाएगा। 
वहीं विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मुद्दों से ध्यान मोड़ने के लिए शिवराज जी कल 24 घंटे के लिये मिंटो हाल में स्वास्थ्य आग्रह पर बैठ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पता नहीं इस 24 घंटे के आग्रह की नौटंकी से प्रदेश से कोरोना कैसे भागेगा, लोगों को न्याय कैसे मिलेगा, इलाज कैसे मिलेगा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं कैसे सुधरेगी, संक्रमण कैसे कम होगा, यह तो शिवराज जी ही बता सकते हैं।’’ कमलनाथ ने कहा,‘‘ जब भी प्रदेशवासियों को सरकार की जरुरत होती है। न्याय के आवश्यकता होती है। 
प्रदेश में विपरीत परिस्थितियां आती हैं तो चुनौतियों का सामना करने की बजाय हमारे शिवराज जी मुद्दों से ध्यान मोड़ने के लिये उपवास-सत्याग्रह जैसे आयोजन करने लग जाते हैं।’’ प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,398 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,10249 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 15 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4,055 हो गयी है।

Desk Team