तमिलनाडु में कोरोना वायरस के प्रकोप जारी है। रोजाना लोगों में संक्रमण की पुष्टि में बढ़ोतरी हो रही है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को राज्य के कई जिलों में लॉकडाउन 12 जुलाई तक बढ़ाये जाने की घोषणा की।
स्टालिन ने चिकित्सा विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोविड-19 स्थिति की समीक्षा के बाद लॉकडाउन को एक और हफ्ते के लिये बढ़ने का निर्णय लिया, हालांकि इस बार प्रतिबंधों में श्रेणीवार के बजाय पूरे राज्य में एक समान छूट भी दी गयी है। राज्य में पूर्ण लॉकडाउन 10 मई को लगाया गया था जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से छूट के साथ हर हफ्ते इसका विस्तार किया जाता रहा है। वर्तमान लॉकडाउन की अवधि पांच जुलाई को समाप्त हो रही है।
इससे पहले कोरोना के मामलों के आधार पर जिलों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर लॉकडाउन में छूट दी गयी थी। मुख्यमंत्री ने इस वर्गीकरण को समाप्त करते हुये सोमवार से राज्य के सभी जिलों में एकसमान छूट देने की घोषणा की है।
स्टालिन ने कहा कि इस दौरान अंतरराज्यीय सरकारी और निजी बस सेवाओं पर प्रतिबंध जारी रहेगा। राज्य के सभी सिनेमाघर, बार, स्विमिंग पूल, सामाजिक एवं राजनीतिक बैठकें, मनोरंजन संबंधी कार्यक्रम, खेल आयोजन, स्कूल, कॉलेज और चिड़यिघर भी बंद रहेंगे।