कांग्रेस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के खिलाफ राज्य उच्च न्यायालय के एक आदेश और प्रदेश सरकार के एक मंत्री के पत्र को लेकर गुरुवार को कहा कि येदियुरप्पा को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने यह भी कहा कि येदियुरप्पा के खिलाफ जांच का आदेश दिया जाना चाहिए।
शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा कि उच्च न्यायालय ने जो आदेश दिया है, वो गंभीर विषय है। इस मामले में निष्पक्ष जांच तभी हो सकती है, जब येदियुरप्पा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा या फिर उन्हें हटाया जाए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री ईश्वरप्पा ने अपने विभाग के मामले में मुख्यमंत्री पर हस्तक्षेप करने और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। यह भी बहुत गंभीर मामला है।
कांग्रेस नेता ने मांग की, ‘‘येदियुरप्पा को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें हटाया जाना चाहिए।’’ शुक्ला ने कहा कि अगर भाजपा अपने इस मुख्यमंत्री के खिलाफ कदम नहीं उठाती है तो फिर भ्रष्टाचार के विषय पर बात करने का उसका नैतिक अधिकार नहीं बनता। गौरतलब है कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने येदियुरप्पा के खिलाफ ‘ऑपरेशन कमल’ मामले में जांच को मंजूरी दी है।
येदियुरप्पा पर आरोप है कि सरकार बनाने के लिए उन्होंने 2019 में जनता दल (एस) के एक विधायक के बेटे को कथित तौर पर पैसे और मंत्रालय का लालच दिया था। उधर, कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री के एस ईश्वरप्पा ने बुधवार को राज्यपाल से मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर उनके विभाग के मामलों में सीधा हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था।