चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस का प्रकोप देश में जारी है। अब तक इस घातक बीमारी से कई नेता लोग संक्रमित हुए तो कई की मौत हो गयी है। इस बीच कर्नाटक के कांग्रेस विधायक दिनेश गुंडु राव का कोरोनावायरस परीक्षण पॉजिटिव आया है। अधिकारियों ने कहा कि वे घर पर ही आइसोलेशन में हैं। पार्टी प्रवक्ता रवि गौड़ा ने बताया, “राव के नमूने की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी वह शहर में अपने घर में आइसोलेशन में हैं।”50 वर्षीय राव बेंगलुरु केंद्रीय उपनगर के गांधीनगर से पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं।
राव ने ट्वीट कर कहा, “मेरा कोरोना परीक्षण आज ही पॉजिटिव आया है। मैं 10 दिन क्वारंटीन में रहूंगा। मैं अपने संपर्क में आए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अपनी जांच करवाएं और सावधानी बरतें।” शनिवार रात तक राव ने विधानसभा के 6-दिवसीय मानसून सत्र में हिस्सा लिया था। प्रवक्ता ने कहा, “राव ने 21 सितंबर से विधानसभा सत्र में भाग लेने से पहले 18 सितंबर को अनिवार्य कोरोना परीक्षण कराया था, जो निगेटिव आया था। राव 25 सितंबर को चेन्नई गए थे और शनिवार की सुबह शहर लौटने से पहले उन्होंने पार्टी के सदस्यों और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात की थी।”
राव पार्टी की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी हैं और 2015-16 में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं। यहां लगभग 60 विधायकों और सचिवालय के कर्मचारियों के पॉजिटिव आने के बाद 8 दिन के सत्र को 6 दिन का कर दिया गया था और फिर शनिवार की रात को स्थगित कर दिया गया। संक्रमण का शिकार हुए नेताओं में उप मुख्यमंत्री गोविंद करजोल और सीएन अश्वथ नारायण, गृह मंत्री बसवराज बैरथी बसवराज और पशुपालन मंत्री प्रभु चौहान शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



