देहरादून : प्रदेश कांग्रेस महंगाई, भ्रष्टाचार व कानून-व्यवस्था समेत तमाम मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और जुलुस की शक्ल में घंटाघर होते हुए गांधी पार्क में पहुंचे और यहां पर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गैरसैंण में भूमि खरीद पर लगी रोक हटाने, पंचायती राज एक्ट के विरोध, बेरोजगारी, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और राफेल खरीद के मुद्दे पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब हर बात पर कांग्रेस के सिर ठीकरा फोड़ने की बजाए अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में अच्छा नहीं रहा लेकिन बाजपुर और श्रीनगर में जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताकर भाजपा सरकार के प्रति अपने आक्रोश को प्रकट किया है। कांग्रेस भी जनभावना के साथ चलते हुए प्रदेश सरकार को घेरेगी। सत्ता में आई तो गैरसैंण पर लेंगे ठोस निर्णय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गैरसैंण के मसले पर अब निर्णय लेने का समय आ गया है। कांग्रेस यदि सत्ता में आई तो वह गैरसैंण के मसले पर स्पष्ट निर्णय लेगी।