हल्द्वानी : डीआईजी जगतराम जोशी ने कहा कि बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंताजनक है। नशे के खिलाफ पुलिस बड़ा अभियान चला रही है, इसे आगे भी जारी रहेगा। पुलिस नशे के सौदागरों को चिन्हित करने का कार्य कर रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। नशे की गिरफ्त में आये बच्चों को इससे दूर रखने के लिए माह में एक बार काउंसिलिंग का आयोजन किया जायेगा।
वह यहां कैंप कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन की समस्याएं सुनने के लिए माह में एक दिन निर्धारित किया जायेगा। साथ ही बीट कर्मचारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सीनियर सिटीजनों की समस्याएं जानकर अधिकारियों को अवगत करायेंगे, जिससे कि उनका समाधान हो सके। जनता से संवाद स्थापित करने के लिए सारथी पुलिस टीम की तैनाती की जायेगी।
जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों से बीस लोगों को शामिल किया जायेगा। जो अपने क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी सीधे पुलिस को देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विकलांगों के लिए वह समाजहित में संबंधित उपकरण अपनी तरफ से निःशुल्क वितरित करेंगे। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था में और सुधार लाया जायेगा। इससे पूर्व डीआईजी ने मेडिकल काॅलेज सभागार में अधीनस्थों की बैठक लेते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जन सहयोग आवश्यक है।