देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसबीच, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से 4 जमातियों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। राजधानी भोपाल में जमातों में शामिल होने आए जमातियों में से चार के नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें तीन विदेशी और एक भुवनेश्वर का है।
आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से 65 व्यक्तियों के रक्त व लार के नमूने लिए गए थे, जिनमें से चार कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। बाकी नमूनों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जमातियों में से तीन विदेश के नागरिक है। एक व्यक्ति ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर का है। इन सभी को इलाज के लिए चिरायु अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनके साथ वाले सभी लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
कलेक्टर तरुण पिथोडे ने भोपाल में चार स्थानों- रहमानियां मस्जिद, ऐशबाग क्षेत्र और अहाता रुस्तम खां मस्जिद श्यामला हिल्स भोपाल को इपिक सेंटर घोषित कर उसके आसपास के एक किलोमीटर क्षेत्र को कंटेंटमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। क्षेत्र से बाहर आने वाले व्यक्ति को स्कैनिंग कराना अनिवार्य होगा। साथ ही, क्षेत्र के सभी व्यक्ति 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में होंगे।
नगर निगम को निर्देश दिया गया है कि कंटेंटमेंट क्षेत्र को सैनिटाइज किया जाए। इसके साथ ही कंटेंटमेंट क्षेत्र के रास्तों को सील कर दिया जाएगा। आवश्यक वस्तुएं लाने की छूट के अलावा किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। कंटेंमेंट क्षेत्र में आवागमन बंद रहेगा।
बताते चले कि मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में अबतक कुल 111 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं वहीं, 8 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि इंदौर में सबसे ज्यादा कुल 82 लोग वायरस से संक्रमित है।