महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है, संक्रमितों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 24,619 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,45,840 तक पहुंच गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिन में 398 और मरीजों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 31,351 हो गई। इलाज के बाद बृहस्पतिवार को 19,522 और लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद इस महामारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 8,12,354 हो गई। राज्य में अब 3,01,752 लोगों का इलाज चल रहा है।
मुंबई में संक्रमण के 2,411 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद शहर में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,78,385 है। वहीं संक्रमण से 43 और लोगों की मौत हुई है जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 8,323 हो गई। पुणे शहर में संक्रमण के 2,269 नए मामले सामने आए हैं और यहां अब तक कुल 1,36,393 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 28 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,102 हो गई है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा 51,18,253 तक पहुंच गया है और 83,198 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 40,25,079 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



