मध्यप्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा मामले इंदौर से है, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने लॉकडाउन लगा रखा है। इसबीच , मामलों को बढ़ता देख भोपाल प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भोपाल में आज रात 12 बजे से पूरी तरह से लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। मप्र के भोपाल जिला प्रशासन ने आज रात 12 बजे से भोपाल को पूरी तरह से लॉकडाउन करने के आदेश जारी किए हैं, जिसके तहत अब केवल दूध पार्लर एवं दवा दुकानें को छोड़, किराना एवं अन्य दुकानों में दी गई छूट को समाप्त कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तरुण पिथोड़ के निर्देश पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सतीश कुमार एस ने धारा 144 के अंतर्गत संशोधित आदेश जारी कर 5 अप्रैल रविवार रात 12 बजे से भोपाल को पूरी तरह लॉकडाउन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अब भोपाल पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। वहीं, करोद मंडी भी आज से आगामी आदेश तक बंद रहेगी। व्यापारी किसानों से सब्जी आदि खरीद कर नगर निगम के माध्यम से बिक्री करेंगे। किराना दुकान और अन्य दुकानों को दी गई छूट समाप्त कर दी गयी है।
आदेश में कहा गया है कि अधिकृत होम डिलीवरी के अतिरिक्त अन्य सभी दुकानें बंद रहेंगी। केवल दवाई दुकान ही खुली रहेंगी। होम डिलीवरी, दूध पार्लर और मेडिकल दुकानें इस दौरान खुली रहेंगी शासकीय कार्य के लिए अतिआवश्यक सेवा में लगे हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी। इस लॉकडाउन में मीडिया और उनके प्रतिनिधियों को भी पूर्व अनुसार छूट लागू रहेगी।
लॉकडाउन में निजी वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। किसी भी क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। कंटेंटमेंट क्षेत्र से बाहर जाना और जोन के बाहर पाए जाने पर आदेश का उल्लंघन माना जायेगा और सम्बंधित की गिरफ्तारी की जाएगी। सड़क पर कोई भी व्यक्ति घूमते पाए जाने पर गिरफ्तार कर कानूनी कर्रवाई की जाएगी। आपातकालीन सेवाओं के अतिरिक्त अन्य सभी कारणों के लिए दिए गए पास भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बता दें, प्रदेश में इससे पहले इंदौर में तीन दिनों के लिए पूरी तरह से टोटल लॉकडाउन कर दिया गया था। इंदौर में 30 मार्च से तीन दिनों के लिए टोटल लॉकडाउन लगाया गया था। प्रदेश में अब तक 194 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं, इनमें सबसे ज्यादा 128 इंदौर से है वहीं, कुल 13 लोगों की अबतक जान जा चुकी है।