महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। वायरस से निपटने के लिए सरकार तमाम हथकंडे अपना रही है, बावजूद इसके संक्रमितों की संख्या कम होती दिख नहीं रही है। इस बीच, सोमवार को राज्य में कोरोना के 2,436 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52,667 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि महामारी के कारण 60 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,695 हो गई है। सोमवार को राज्य में 1,186 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। महाराष्ट्र में अब तक 14,600 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। महाराष्ट्र में संक्रमण का आंकड़ा कुछ इस प्रकार है, कुल मामले: 52,667, नए मामले: 2,436, संक्रमण से हुई कुल मौतें: 1,695, संक्रमणमुक्त मरीज: 15,786, अभी 35,178 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना वायरस के लिए अब तक 3,78,555 लोगों की जांच की गई है।
इस बीच, मुंबई पुलिस के 57 वर्षीय एक कांस्टेबल की कोविड-19 से मौत हो गई, जिससे इस महानगर में कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल की मौत के साथ ही महाराष्ट्र में कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों का आंकड़ा बढ़कर 18 हो गया है। कांस्टेबल को शहर के नायर अस्पताल में 23 मई को भर्ती कराया गया था। 24 मई को कांस्टेबल के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी और और उसी दिन मौत हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि वह शहर की यातायात पुलिस की प्रशिक्षण शाखा में तैनात थे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) मधुकर पांडेय ने कहा, “कांस्टेबल बीते करीब एक महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे क्योंकि उनकी उम्र 55 साल से ज्यादा थी।” मुंबई पुलिस ने पिछले महीने 55 साल से ज्यादा की उम्र के अपने उन पुलिसकर्मियों को ऐहतियातन छुट्टी पर जाने को कहा था जिन्हें पूर्व में कोई बीमारी है। वह वर्ली पुलिस शिविर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। अब तक 194 अधिकारियों समेत 1809 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। राज्य में इलाजरत पुलिसकर्मियों की संख्या 1,113 है जबकि 678 पुलिसकर्मी ठीक हो चुके हैं।