आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लागू कर्फ्यू को 30 जून तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि अब इसमें चार घंटे की छूट भी प्रदान की गई है। अब 21 जून से कर्फ़्यू शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक रहेगा। राज्य के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इसकी घोषणा की।
राज्य में इस साल कोविड-19 संबंधी कर्फ्यू पहली बार पांच मई को लगाया गया था। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से 20 जून तक बढ़ा दिया गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सभी कारोबारी प्रतिष्ठान शाम पांच बजे तक बंद कर दिए जाने चाहिए। सरकारी कार्यालय 21 जून से सामान्य रूप से काम करेंगे और कर्मचारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार काम पर आने का निर्देश दिया गया है। इन परिवर्तनों के बाद राज्य में 12 घंटे की छूट और 12 घंटे का कर्फ्यू रहेगा।
पूर्वी गोदावरी जिले में जहां पर कोरोना के मामले काफी ज्यादा है, वहां पर कर्फ्यू दोपहर 2 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। पूर्वी गोदावरी जिले में लगातार अधिक संख्या में संक्रमण हो रहे हैं। पूर्वी गोदावरी में प्रतिदिन औसतन लगभग 1,000 मामले सामने आ रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप कर्फ्यू की यथास्थिति बनी हुई है। पूर्वी गोदावरी, चित्तूर और पश्चिम गोदावरी जिले दक्षिणी राज्य में अधिक संख्या में मामले दर्ज हो रहे हैं।