वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर भारत में तेजी से फैल रहा है। वायरस का असर कई राज्यों में अधिक देखने को मिल रहा है। इस वायरस से बुरी तरह प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में कोरोना का फैलाव लगातार बरकरार है और देश में कुल संक्रमण के मामलों में से एक तिहाई से अधिक मामला महाराष्ट्र का शामिल है। इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और उद्धव ठाकरे सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चव्हाण कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
ठाकरे नित सरकार में पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) मंत्री चव्हाण फिलहाल नांदेड़ में हैं और अब संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए मुंबई भेजने की तैयारियां चल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ही चव्हाण में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद पहले उन्हें ऐहतियात के तौर पर होम क्वारंटाइन रखा गया था और फिर नांदेड़ के अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत स्थिर है।
इस खतरनाक वायरस से ठाकरे सरकार में अशोक दूसरे कोरोना संक्रमित मंत्री हैं। गौरतलब है कि इससे पहले एनसीपी कोटे से मंत्री जितेंद्र अहवाद कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिनके संपर्क में आने के साथ उनके 14 निजी स्टाफ को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया था। बता दें कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के 3041 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 50,231 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
Covid-19 : देश में रिकॉर्ड तोड़ संक्रमित आंकड़ों की पुष्टि के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित टॉप 10 देशों में शामिल हुआ भारत
राज्य में नए मामलों की यह संख्या किसी एक दिन का उच्चतम स्तर है। अधिकारी ने बताया कि महामारी के कारण 58 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1635 हो गई है। उन्होंने बताया कि यह लगातार आठवां दिन है जब राज्य में कोरोना वायरस के 2,000 से अधिक नये मामले सामने आये है। महाराष्ट्र में अब तक 14,600 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि अभी 33,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना वायरस के लिए अब तक 3,62,862 लोगों की जांच की गई है।