तिरुवनंतपुरम : केरल में सत्तारूढ़ सीपीएम की एक महिला विधायक का एक विडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस वीडिया में वह रामायण के छंद गाते हुए नजर आ रही हैं। यह वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है जब लेफ्ट के एक संगठन ने राज्यभर में इस महाकाव्य सेमिनार सीरिज करने की योजना बनाई है।
यू प्रतिभा हरि जोकि कयमकुलम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, उन्होंने कार्ककिदाकम में रामायण महीने के वार्षिक अनुष्ठान के हिस्से के रूप में फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह रामायण का पाठ करते हुए दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो में पारंपरिक केरल साड़ी पहनीं प्रतिभा हरि पलथी मारकर बैठी हैं और रामायण पाठ कर रही हैं। पहली बार विधायक बनीं प्रतिभा हरि ने 18 जुलाई को अपलोड किए गए इस वीडियो में कहा, ‘रामायण मास प्रारंभ हो गया है। हर धर्म और रामायण के पाठ से नैतिक गुणों को फैलने दें। उनके द्वारा इस वीडियो को पोस्ट करने के शीघ्र बाद ही उसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया।
17 जुलाई को प्रारंभ हुए रामायण महीने के दौरान ‘अध्यात्म रामायण’ का निलाविलाक्कू (पारंपरिक दीये) के सम्मुख पाठ किया जाता है। महिला विधायक द्वारा रामायण पाठ इस मायने से अहम हो गया है कि हाल ही में वाम समर्थक ‘संस्कृति संघ’ द्वारा रामायण संगोष्ठी श्रृंखला आयोजित करने से विवाद पैदा हो गया। मीडिया के एक वर्ग ने कहा था कि माकपा संस्कृति संघ के कार्यक्रमों को प्रायोजित कर रही है लेकिन पार्टी प्रदेश सचिव कोडियरी बालकृष्णन ने कहा था कि यह संगठन स्वतंत्र संगठन है और पार्टी का रामायण महीना मनाने की कोई योजना नहीं।