हल्द्वानी : रामपुर रोड में देवल्चोड के पास स्थित हुंडई शोरूम के गार्ड रूम में तड़के करंट दौड़ गया। इससे चैंबर में बैठे एक गार्ड की मौत हो गई, जबकि दूसरा गार्ड भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घायल गार्ड को सुशीला तिवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूल रूप से ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम लुआड डोबा निवासी नरेंद्र सिंह नादगली (26) पुत्र चंदन सिंह आइडियल केयर सर्विस (सिक्योरिटी कंपनी) में गार्ड था। कंपनी की ओर से नरेंद्र और मानपुर पश्चिम हल्द्वानी निवासी गार्ड हरीश सिंह को हुंडई शोरूम पर सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया।
दोनों की शनिवार को रात्रि ड्यूटी थी। हरीश ने बताया कि नरेंद्र सिंह और उनकी नाईट ड्यूटी थी। सुबह करीब तीन बजे दोनो शो रूम में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। दोनों बरसात से बचने के लिए सड़क किनारे बनाए गए गार्ड रूम में आ गया। गार्ड रूम के बगल में ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। पोल को रोकने के लिए लगाए तार रूम से सटे हैं। करीब साढ़े तीन बजे ट्रांसफार्मर में चिंगारी के साथ ही धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगी।
करंट लगने से किसान की मौत, गुस्साएं किसानों ने किया प्रदर्शन
इसी दौरान ट्रांसफार्मर से उतरा करंट गार्ड रूम तक पहुंच गया। हरीश ने बताया कि करंट ने उन्हें बाहर की और फेंक दिया, जबकि नरेंद्र चैम्बर में ही करंट की चपेट में आ गया। हरीश के हो हल्ला मचाने पर आसपास के लोग जुटे। इसके बाद दोनों को सुशीला तिवाड़ी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। टीपी नगर चौकी प्रभारी अजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।