मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीजेपी गरीब मुसलमान लड़कों को पैसे देकर पत्थर फिंकवाती है। कांग्रेस नेता के इस आरोप पर बीजेपी ने कहा कि दिग्विजय सिंह देश में हिंदू-मुस्लिम की खाई गहरी कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मेरे पास ऐसी शिकायतें आ रही हैं, जिनकी मैंने अभी जांच नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि BJP के लोग खुद ही कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर पत्थर फिंकवाते हैं। इसके फैक्ट्स अभी मेरे पास नहीं आए हैं। मैं उसको चेक कर रहा हूं। इसलिए आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन जो जानकारी आ रही है, वह बता रहा हूं’। उनके इस बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
दिग्विजय के आरोप पर BJP का पलटवार
कांग्रेस नेता के इस बयान पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि बीजेपी दंगों को रोकने वाली है, दंगों को बढ़ावा देने वाली नहीं। आप इस तरह के आरोप कैसे लगा सकते हैं जब आप कह रहे हैं कि आपके पास सबूत नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के अपने नेताओं को खुश करने के लिए ऐसा बयान दे रहे हैं।
राणा दंपति ने युसूफ लकड़ावाला से लिए 80 लाख रुपए, संजय राउत ने ED से की जांच की मांग
वहीं बीजेपी नेता रामेश्वर शर्मा ने कहा कि उन्होंने (दिग्विजय सिंह) पहले भी ऐसा किया था जिसमें उन्होंने मस्जिद पर भगवा झंडा फहराने की बात कही थी। अरे दिग्विजय सिंह कसाब ने मुंबई में विस्फोट किया था तो क्या वो बेचारा मुसलमान था, दिग्विजय सिंह देश में हिंदू-मुस्लिम की खाई गहरी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अरे दिग्विजय सिंह थोड़ा सुधर जाओ, तुम आतंकवादियों का पनाह दे रहे हो और आतंकवादी बेचारे नहीं बल्कि हत्यारे हैं। मैं कांग्रेस से मांग करूंगा कि उनके पास थोड़ी बुद्धि हो तो जिन्ना की बात और देशद्रोहियों का समर्थन करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करें।