राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के डीएनए वाले बयान पर अच्छी-खासी सियासत हो रही है, कई लोग उनके इस बयान के समर्थन में हैं तो कई उनके खिलाफ भी बात कर रहे हैं। अब भागवत के बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी चुटकी ली है। दिग्विजय सिंह ने मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए पूछा कि अगर हिन्दू-मुस्लिम सबका डीएनए एक ही है तो इस हिसाब से मोहन भागवत और ओवैसी का डीएनए भी एक ही होगा।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर हिंदुओं और मुसलमानों का डीएनए एक ही है, तो धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून का क्या फायदा है? बता दें कि बीते दिनों आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने कहा था कि भारत में रहने वाले सभी लोगों का डीएनए एक है, भले ही वे किसी भी धर्म के हों।
मोहन भागवत के इसी बयान पर दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के सीहोर में तंज कसा और कहा कि अगर हिंदुओं और मुसलमानों का डीएनए एक ही है, तो धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून का क्या मतलब? ‘लव जिहाद’ के खिलाफ कानून का क्या फायदा? तो इसका मतलब है कि मोहन भागवत और ओवैसी का डीएनए एक ही है।
वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा मोहन भगवत को दिए तंज को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता नरोत्तम मिश्रा ने मोहन भागवत का साथ देते हुए और दिग्विजय सिंह का घिराव करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह देश तोड़ने वालों से तुलना करेंगे। देशभक्ति, राष्ट्रभक्ति जिसके डीएनए में है वे हमेशा मोहन भागवत जैसी बात करेंगे। ओवैसी जैसी सोच जिनकी है वे ऐसी ही बात करेंगे। इनकी तुलना हमेशा ऐसी होती है जो समाज में भ्रम पैदा करे और टूटन पैदा करे।