रुद्रपुर : साथ काम करने और एक ही कमरे में रहने वाले दो दोस्तों ने बीती रात एक बर्थ-डे पार्टी में जमकर शराब पी। दोनों साथ ही बर्थ-डे पार्टी में गए और रात साथ ही वापस लौट रहे थे। दोनों शराब के नशे में चूर थे और पार्टी से निकलने के बाद दोनों के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों ने पत्थर से एक दूसरे को लहूलुहान कर दिया और इस बीच एक दोस्त जमीन पर गिर गया।
जिसके बाद दूसरे ने पत्थर से दोस्त के चेहरे व सिर पर हमले शुरू कर दिए और उसे तब तक पत्थरों से कुचलता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। आरोपी कातिल मौके से फरार हो पाता, उससे पहले ही लोगों ने उसे धर दबोचा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मौत की खबर से मृतक के परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है।
मूलरूप से रतनपुरी मुजफ्फरनगर निवासी रोहित कुमार (23) पुत्र वीर सिंह यहां ललित इंटर प्राइजेज के जरिये ग्रीन प्लाई इंडोरेंस में बतौर सुपर वाइजर काम करता था। इसी कंपनी में सत्येंद्र पुत्र राम पाल सिंह निवासी लामाखेड़ा टांडा बादली भी बतौर इंजीनियर तैनात है। दोनों दोस्त हैं और फुलसुंगा की सागर कालोनी में दोनों एक ही साथ रहते हैं। बताया जाता है कि बीते रोज जेष्ठा कालोनी निवासी कंपनी से चीफ इंजीनियर महेश चौहान पुत्र बुद्धिराम की बेटी के बर्थ-डे पार्टी थी, जिसमें रोहित और सत्येंद्र भी आमंत्रित थे। दोनों बीती शाम एक ही बाइक में सवार होकर महेश के घर पहुंचे थे।
पुलिस की मानें तो बर्थ-डे पार्टी में दोनों दोस्तों ने जमकर शराब पी और रात करीब 11 बजे दोनों पार्टी से घर के लिए निकले। बाइक रोहित चला रहा था और जैसे ही वह महेश के घर से कुछ दूरी पर पहुंचे तो बाइक गिर गई। इस पर सत्येंद्र ने बाइक चलाने की मंशा जाहिर की। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि पास ही पड़े पत्थर से रोहित ने सत्येंद्र के सिर पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। बचने के लिए सत्येंद्र ने रोहित को धक्का दे दिया और वह जमीन में गिर गया।
इसके बाद सत्येंद्र ने रोहित के हाथ में मौजूद पत्थर से एक के बाद एक हमले शुरू कर दिए। मुंह पर, सिर पर और चेहरे पर एक के बाद एक पत्थर के कई हमले से रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, दोनों के बीच जेष्ठा कालोनी में हो रहे विवाद को देख कर लोग जमा हो गए। इससे पहले कि सत्येंद्र मौके से भाग पाता लोगों ने उसे धर दबोचा और सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही कुछ ही देर में ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने सत्येंद्र को हिरासत में ले लिया है और रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
– सुरेंद्र तनेजा