शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्य पर्यटक स्थलों में एक बार फिर ताजा बर्फबारी हुई जिससे शुक्रवार को इन इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि बृहस्पतिवार शाम 5.30 बजे से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे के बीच कुफ्री में 15 सेंटीमीटर, मनाली में 10 सेमी, शिमला में 6.9 सेमी और कल्पा में 1 सेमी बर्फ गिरी।
सिंह ने कहा कि इसके अलावा राज्य के कई छोटी पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में इस अवधि में 0.6 मिलीमीटर से 7.8 मिमी के बीच हल्की बारिश भी हुई है। उन्होंने कहा कि कुफ्री में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस, डलहौजी में शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस, मनाली में शून्य से नीचे 1 डिग्री सेल्सियस और शिमला में शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिंह ने कहा कि लाहौल स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है जहां तापमान शून्य से नीचे 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।