मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED की पूछताछ के बाद गिरफ्तार हुए नवाब मलिक

Summary :

ईडी की पूछताछ में नवाब मलिक कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्होंने कहा कि, “गिरफ्तार हो गए हैं, लेकिन डरेंगे नहीं। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।”

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने महाराष्ट्र के मंत्री और वरिष्ठ एनसीपी नेता नवाब मलिक को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार और केंद्र के बीच बढ़ते वाकयुद्ध के बीच, राज्य के मंत्री नवाब मलिक को बुधवार सुबह ईडी के कार्यालय में पूछताछ के लिए लगाया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में नवाब मलिक कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद उन्हें ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। एनसीपी नेता को अब मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्होंने कहा कि, “गिरफ्तार हो गए हैं, लेकिन डरेंगे नहीं। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।”
ED कार्यालय के बाहर NCP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
नवाब मलिक की गिरफ़्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय से बाहर NCP कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। 


नवाब मलिक की गिरफ़्तारी का कांग्रेस ने किया विरोध

नवाब मलिक की गिरफ़्तारी पर कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि मेरी व्यक्तिगत राय ये है कि राजनीति इतने नीचे स्तर पर जा चुकी है, ये बहुत ही निराशाजनक और ग़लत है… पूरे देश में और महाराष्ट्र में जो दिखाई दे रहा है वे उचित नहीं हैं। उन्होने कहा, लोकतंत्र में विरोध करना, विरोध होना, अपने-अपने विचार अलग तरीके से रखना, यहां तक समझा जा सकता है। लेकिन कोर्ट छोड़कर, पुलिस छोड़कर केंद्रीय एजेंसियों द्वारा जो हो रहा है वो निश्चित तौर पर ठीक बात नहीं है। 
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई अंडरवर्ल्ड, भगौड़े डॉन दाऊद इब्राहीम और उसके साथियों की गतिविधियों से जुड़े धन शोधन के एक मामले में महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों, सम्पत्ति की अवैध रूप से कथित खरीद-फरोख्त और हवाला लेनदेन के संबंध में ईडी ने 15 फरवरी को मुंबई में छापेमारी की थी और एक नया मामला दर्ज किया था, जिसके बाद मलिक से पूछताछ की जा रही है। 

Desk Team