झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज कहा कि राज्य में पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस की आपूर्ति की व्यवस्था कर लोगों को गैस सिलेंडर से मुक्ति दिलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। श्री दास ने यहां प्रभात तारा मैदान में केंद्रीयपेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा की उपस्थिति में रांची शहरी गैस वितरण परियोजना की शुभारंभ करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि जिस तरह देश और राज्य की महिलाओं को धुआं मुक्त रसोई घर उपलब्ध कराने के लिए उज्ज्वला योजना का शुभारंभ कर मुफ्त में गैस उपलब्ध कराया गया उसी तरह लोगों को गैस सिलेंडर से मुक्ति प्रदान करने के लिए पाइपलाइन से गैस आपूर्ति घर-घर तक करने की योजना पर कार्य शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 मई 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी ने रांची शहरी गैस परियोजना का शिलान्यास किया था। इसके 15 महीने बाद सरकार रांची के घरेलू उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) उनके घरों तक पहुंचाने में कामयाब हुई है। साथ ही गेल इंडिया के दो संपीडित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) स्टेशन की खुखरी, डोरंडा एवं मधुबन विहार ओरमांझी में शुरुआत की गई। यह संकेत है आधुनिक भारत का, आधुनिक झारखंड का। उन्होंने कहा कि आधुनिक झारखंड के निर्माण में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।
श्री दास ने कहा, ‘‘रक्षाबंधन के अवसर पर मैंने राज्य की बहनों से वादा किया था कि उनको उज्ज्वला योजना के तहत दूसरा रिफिल मुफ्त दूंगा। आज कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा से इसकी शुरुआत हो रही है। चाईबासा के चार जिलों की बहनों को दूसरा रिफिल दिया जा रहा है। अब तक राज्य की 30 लाख से अधिक महिलाओं को उज्जवला योजना से लाभान्वित किया गया है। 30 सितंबर तक 10 लाख और बहनों को इस योजना से लाभान्वित करना है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची शहर गैस आपूर्ति योजना के तहत घर-घर में कनेक्शन करवाने के लिए सखी मंडल की महिलाओं की मदद ली जाएगी। पहले इस कार्य को गैस एजेंसी अपने स्तर से करने वाली थी लेकिन अब सखी मंडल द्वारा यह कार्य होगा। उन्होंने कहा कि रांची जिला प्रशासन शहरी क्षेत्र में कार्यरत सखी मंडल की बहनों को यह अवसर प्रदान करने में अपनी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर नगर विकास आवास एवं परिवहन विभाग के मंत्री चंदेश्वर प्रसाद सिंह, सांसद संजय सेठ, विधायक नवीन जायसवाल, डॉ। जीतू चरण राम, रामकुमार पाहन एवं गंगोत्री कुजूर, महापौर आशा लाकड़, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ। सुनील कुमार वर्णवाल समेत अन्य पदाधिकारी एवं बड़ संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।