मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा को एक बार फिर चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया। नोटिस उन्हें चुनाव प्रचार पर 72 घंटे के रोक के बावजूद प्रचार करने को लेकर दिया गया है। अधिकारियों ने प्रज्ञा ठाकुर से इस मामले में जवाब दाखिल करने को कहा है।
चुनाव प्रचार पर बैन के दौरान साध्वी लगातार मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं और भजन-कीर्तन भी कर रही थीं, जिसे लेकर चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के चुनाव प्रचार पर गुरुवार सुबह 6 बजे से 72 घंटे तक बैन लगाया गया था। जिसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने किसी किस्म का चुनाव प्रचार तो नहीं किया, लेकिन वो मंदिर दर्शन के साथ भजन-कीर्तन करती नजर आईं।
वहीं प्रज्ञा ठाकुर का कहना है कि वह नोटिस का जवाब देने के लिए तैयार हैं, क्योंकि उन्होंने आयोग के बैन का कोई उल्लंघन नहीं किया। दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर ने बाबरी विध्वंस पर खुशी जताई थी और कहा था कि उन्हें इस पर गर्व है। चुनाव आयोग ने उनके इस बयान को आचार संहिता का उल्लंघन माना और उन पर 72 घंटे का बैन लगाया था।
आज तीन दिन बाद उन्हें 72 घंटे के बैन से राहत मिली ही थी कि अब उनके खिलाफ चुनाव आयोग ने एक और नोटिस भेज दिया है। कांग्रेस ने बैन के बावजूद मंदिर और गौशाला में पार्टी कार्यकर्तओं के साथ जाने की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से की थी, जिसके बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।