मशहूर सिंगर और कंपोजर बप्पी लहरी का बुधवार को 69 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। डॉक्टर का कहना है कि वह ओएसए (ऑब्सट्रिक्टिव स्लीप एपनिया) नाम की बीमारी से ग्रसित थे। बप्पी लहरी का बीते एक माह से मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। बप्पी लहरी का निधन म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए काफी दुखद है। वह बप्पी दा के नाम से जाने जाते थे। बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए यह काफी दुखद ही खबर है। स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के बाद बप्पी लहरी का जाना काफी दुखद है।
एक महीने के लिए भर्ती हुए थे बप्पी लहरी
बप्पी लहरी के बारे में अस्पताल के निदेशक डॉक्टर दीपक नामजोशी ने मीडिया को बताया कि, बप्पी लहरी को एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था हालांकि उन्हें सोमवार को छुट्टी दे दी गयी थी। मंगलवार को उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई जिसके बाद डॉक्टर को घर बुलाया गया जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि बप्पी लहरी पिछले साल कोरोना वायरस की चपेट में भी आ गए थे जिसका इलाज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहा था। हालांकि कुछ दिन बाद उनकी तबीयत ठीक हो गई थी।
कई फिल्मों में गाए गाने
अपने संगीत करियर में बप्पी लहरी ने करीब 500 से भी ज्यादा गाने गाए। उनके कई गाने आज भी मशहूर है। उन्होंने डिस्को डांसर, शराबी, चलते -चलते जैसे कई फिल्मों में गाने गाए थे।