अहमदाबाद में 25 फरवरी को साबरमती नदी में कूद कर जान देने वाली आयशा बानू मकरानी के पति को पुलिस ने राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया है। आयशा के आत्महत्या के बाद गुजरात पुलिस ने सोमवार को उसके फरार पति आरिफ खान को गिरफ्तार किया है। आत्महत्या से पहले आयशा ने एक वीडियो जारी किया था।
आयशा का निकाह 2018 में हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। आत्महत्या से पहले आयशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में आयशा कह रही है कि वो जो भी कुछ कर रही हैं, अपनी मर्जी से कर रही हैं। हालांकि आयशा की मौत के बाद पता चला था कि ये मामला दहेज उत्पीड़न का है।
आत्महत्या से पहले आयशा ने अपने माता-पिता से फोन पर बातचीत की थी। आयशा के पिता लियाकत अली मकरानी द्वारा साबरमती रिवरफ्रंट (पश्चिम) थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार आयशा के पति आरिफ बाबूखान उसका मानसिक उत्पीड़न करता था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साबरममी रिवरफ्रंट वेस्ट पुलिस के इंस्पेक्टर वीएम देसाई ने जानकारी दी है कि आरिफ खान को पाली से गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस की एक टीम जालोर में स्थित उसके एक घर पर भी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला था। इसके बाद तकनीक की मदद लेकर आरोपी को पाली से पकड़ा गया है। अब उसे ट्रांजिट रिमांड के तहत आज अहमदाबाद ले लाया जाएगा।