मुंबई से भुवनेश्वर जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के एक मालगाड़ी से ओडिशा में कटक के पास गुरुवार सुबह टकरा जाने के बाद उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। रेल अधिकारियों ने बताया कि सालागांव और नीरगुंडी स्टेशनों के बीच सुबह करीब सात बजे हुए इस हादसे में कम से कम 25 लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को एक निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर काफी कोहरा था लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा किस वजह से हुआ। रेलवे मंत्रालय के मीडिया निदेशक आर.डी. बाजपेयी ने कहा, घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है और हादसे में किसी की मौत होने की सूचना नहीं है।
शेष यात्रियों को उनके गंतव्य स्थानों पर पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई। दुर्घटना स्थल से कटक 10-12 किलोमीटर दूर है और गंतव्य स्थल भुवनेश्वर 35 किलोमीटर दूर है। हादसे के बाद उस रूट पर परिवहन बाधित हो गया है। रेल यातायात बहाल करने का कार्य शुरू हो गया था। रेलवे ने बीबीएस/मुख्यालय कार्यालय का हेल्पलाइन नंबर- 18003457401/02 और बीबीएस स्टेशन- 0673-1072, पुरी- 06752-1072 जारी कर दिए हैं।